बिलासपुर : खनिज विभाग की मनमानी पर अपर कलेक्टर की फटकार, अंकित मिश्रा अमाली खदान की जानकारी छिपाने का मामला…अपीलीय सुनवाई पर निःशुल्क जानकारी देने का आदेश।

बिलासपुर : खनिज शाखा की मनमानी पर अपर कलेक्टर की फटकार, अंकित मिश्रा अमाली खदान की RTI दबाने पर 10 दिन में फ्री में जानकारी देनें का आदेश
खबर खास छत्तीसगढ़ बिलासपुर – जिले में खनन को लेकर पारदर्शिता का दावा करने वाली खनिज विभाग ही जब सूचना छिपाने लगे, तो सवाल उठना लाजमी है। ऐसा ही एक मामला ग्राम अमाली, तहसील कोटा के पत्थर खदान पट्टे का सामने आया है, जिसमें प्रथम अपीलीय अधिकारी / अपर कलेक्टर, बिलासपुर ने खनिज शाखा के जन सूचना अधिकारी को कड़ी फटकार लगाते हुए 10 दिवस के भीतर निःशुल्क जानकारी देने का आदेश पारित किया है।

प्रथम अपीलीय प्रकरण क्रमांक 71/2026, आदेश दिनांक 02/06/2026 में यह खुलासा हुआ है।
क्या था पूरा मामला?
आवेदक ने दिनांक 11/03/2026 को सूचना के अधिकार अधिनियम 2005 के तहत जिला खनिज शाखा, बिलासपुर से जानकारी मांगी थी –
ग्राम अमाली, तहसील कोटा, खसरा नंबर 1452, रकबा 2.800 हेक्टेयर में श्री अंकित मिश्रा को दिया गया खनिज साधारण पत्थर उत्खनन पट्टा, अवधि 14/03/2017 से 30/03/2047 तक – प्रशासन द्वारा पट्टेदार को दी गई पत्थर, मिट्टी व उससे संबंधित समस्त दस्तावेजों की सत्यापित प्रति।
ये कोई निजी जानकारी नहीं थी। ये सरकारी पट्टा, सरकारी जमीन, सरकारी खनिज की जानकारी थी, जिसे कानूनन खनिज विभाग के जन सूचना अधिकारी द्वारा 30 दिन की अवधि में मिल जाना चाहिए था। लेकिन मिला नहीं।
क्यों 3 महीने तक चुप रही खनिज शाखा
आदेश में साफ लिखा है –
1. जन सूचना अधिकारी ने समय-सीमा में कोई विनिश्चय अथवा सूचना नहीं दी।
2. इसलिए आवेदक को दिनांक 30/04/2026 को धारा 19(1) के तहत प्रथम अपील लगानी पड़ी।
3. दिनांक 11/05/2026 को सुनवाई रखी गई। आवेदक उपस्थित हुआ, लेकिन जन सूचना अधिकारी अनुपस्थित रहे। फिर भी कोई जानकारी नहीं दी।
4. फिर दिनांक 25/05/2026 को अगली पेशी रखी गई। इस बार भी जन सूचना अधिकारी से आज दिनांक तक जवाब अप्राप्त रहा।
मतलब – RTI लगाओ तो जवाब नहीं मिलता, अपील करो तो सुनवाई में आते नहीं ना ही आदेश उपरांत जानकारी देते मतलब आदेश की अवहेलना।
अपर कलेक्टर ने क्या कहा? –
प्रथम अपीलीय अधिकारी श्रीमती ज्योति पटेल, अपर कलेक्टर ने प्रकरण के अवलोकन के बाद अपने आदेश के बिंदु 4 में लिखा है –
“अपीलार्थी द्वारा चाही गयी जानकारी के संबंध में जन सूचना अधिकारी खनिज शाखा बिलासपुर ने अपीलार्थी द्वारा प्रेषित आवेदन दिनांक 11/03/2026 पर सूचना का अधिकार अधिनियम 2005 में निर्धारित समय-सीमा में कोई कार्यवाही नहीं की गई है, और न ही अवगत कराया गया, जनसूचना अधिकारी का यह कृत्य सूचना का अधिकार नियमों का उल्लंघन है।”
“अतः जन सूचना अधिकारी को स्पष्ट निर्देशित व आदेशित किया जाता है, कि भविष्य में इस प्रकार की त्रुटि ना किया जाये अन्यथा उनके विरूद्ध सूचना के अधिकार अधिनियम के तहत अनुशासनात्मक कार्यवाही की जायेगी।”
“जनसूचना अधिकारी को अवगत कराया जाता है कि अपीलार्थी द्वारा चाही जानकारी 10 दिवस में निःशुल्क उपलब्ध कराते हुए इस कार्यालय को अवगत करावें। प्रकरण में कार्यवाही शेष नहीं रह जाता है। अपीलार्थी द्वारा प्रस्तुत अपील स्वीकार किया जाकर प्रकरण नस्तीबद्ध किया जाता है।”
अब सबसे बड़ा सवाल – कि अंकित मिश्रा खदान मामले आखिर छिपाया क्या जा रहा है और क्यों?
खबर खास का सवाल है –
1. जब पट्टा वैध है, तो उसके कागज देने में 3 महीने से अपीलीय अधिकारी के आदेश की अवहेलना क्यों की जा रही है ?
2. क्या खसरा 1452 में पट्टे से ज्यादा खुदाई हो रही है?
3. क्या पत्थर के साथ मिट्टी / मुरुम का भी अवैध परिवहन हो रहा है?
4. क्या खनिज शाखा ने कभी मौके पर जाकर सीमा, मात्रा और रॉयल्टी की जांच की भी है?
अगर सब कुछ सही था, तो जानकारी देने में इतना डर क्यों?
आगे क्या?
आदेश के अनुसार, अब खनिज शाखा को आवेदक को अमाली खदान के समस्त दस्तावेज निःशुल्क देने होंगे।
खबर खास इस मामले पर नजर बनाए रखेगा। जैसे ही खदान के कागज मिलेंगे, हम पाठकों को बताएंगे कि कागज में 2.800 हेक्टेयर है, और जमीन पर कितना है?





