दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे में वार्षिक शतरंज प्रतियोगिता 2026 का आयोजन, रेल परिवार के 221 खिलाड़ियों ने लिया उत्साहपूर्वक भाग, स्कूली बच्चों, महिलाओं एवं वरिष्ठ नागरिकों ने दिखाया शतरंज का हुनर।

खबर खास छत्तीसगढ़ बिलासपुर, 23 अगस्त 2026 दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे खेल संघ द्वारा आज बिलासपुर के रेल ऑडिटोरियम क्लब में वार्षिक शतरंज प्रतियोगिता 2026 (प्रथम वर्ष) का भव्य आयोजन उत्साह एवं खेल भावना के साथ किया गया। प्रतियोगिता में रेलवे परिक्षेत्र स्थित विभिन्न स्कूलों के बच्चों, रेल परिवार के सदस्यों, महिलाओं एवं वरिष्ठ नागरिकों सहित कुल 221 खिलाड़ियों ने भाग लेकर अपनी शतरंज प्रतिभा का प्रदर्शन किया।
प्रतियोगिता का शुभारंभ प्रातः श्री तरुण प्रकाश, महाप्रबंधक, दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे एवं श्रीमती मीनाक्षी शर्मा, अध्यक्षा, दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे महिला कल्याण संगठन (सेक्रो) ने किया। इस अवसर पर श्री विजय कुमार साहू, अपर महाप्रबंधक, श्री मनीष अग्रवाल, प्रधान मुख्य यांत्रिक इंजीनियर एवं अध्यक्ष, दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे खेल संघ सहित रेलवे के अधिकारी, कर्मचारी एवं प्रतिभागी उपस्थित रहे।
प्रतियोगिता में स्कूली बच्चों के लिए अंडर 07, 7–9 वर्ष, 9–11 वर्ष, 11–13 वर्ष तथा 13–15 वर्ष आयु वर्ग निर्धारित किए गए थे। इन आयु वर्गों में बालक एवं बालिकाओं ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया।
प्रतियोगिता में ओपन श्रेणी में प्रथम स्थान वेदांत जायसवाल, द्वितीय स्थान गीतांश साहू तथा तृतीय स्थान संबोधि सिंह ने प्राप्त किया। ओपन श्रेणी में शीर्ष 10 खिलाड़ियों को स्थान प्रदान किया गया।
इसके साथ ही महिला, दिव्यांग एवं वरिष्ठ नागरिक श्रेणियों में भी खिलाड़ियों ने भाग लिया तथा उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रतिभागियों को सम्मानित किया गया। महिला वर्ग में अनुकृति कुमारी, बिंदा देवी एवं अर्चना गुप्ता ने क्रमशः प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय स्थान प्राप्त किया। दिव्यांग वर्ग में साध्या केशरवानी प्रथम एवं संदीप कुमार द्वितीय स्थान पर रहे।
प्रतियोगिता में भाग लेने वाले सभी स्कूली बच्चों को मेडल एवं प्रमाण-पत्र प्रदान कर उनका उत्साहवर्धन किया गया। इस पहल का उद्देश्य बच्चों एवं युवाओं में शतरंज के प्रति रुचि बढ़ाने के साथ-साथ खेल के माध्यम से एकाग्रता, धैर्य, अनुशासन एवं निर्णय लेने की क्षमता को विकसित करना रहा।
सायंकाल आयोजित पुरस्कार वितरण समारोह में प्रधान मुख्य भंडार प्रबंधक श्री ए. के. मेश्राम एवं श्री समीरकांत माथुर, उप महाप्रबंधक (सा.) एवं संयुक्त सचिव दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे खेल संघ की गरिमामयी उपस्थिति में विजेता एवं उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों को पुरस्कार प्रदान किए गए।
इस प्रतियोगिता के शुभारंभ के अवसर पर महाप्रबंधक श्री तरुण प्रकाश ने सभी प्रतिभागियों को शुभकामनाएं देते हुए खेल भावना के महत्व पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि खेल केवल प्रतिस्पर्धा का माध्यम नहीं, बल्कि अनुशासन, धैर्य, एकाग्रता और स्वस्थ प्रतिस्पर्धा की भावना विकसित करने का प्रभावी माध्यम है। उन्होंने सभी खिलाड़ियों को निरंतर अभ्यास करते हुए बेहतर प्रदर्शन के लिए प्रेरित किया।
दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे खेल संघ द्वारा आयोजित इस प्रतियोगिता ने रेलवे परिवार के विभिन्न वर्गों को एक मंच पर लाते हुए खेल, सहभागिता और स्वस्थ प्रतिस्पर्धा की भावना को मजबूत करने के साथ-साथ शतरंज जैसे बौद्धिक खेल को बढ़ावा देने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल की।





