बिलासपुर से रायपुर के बीच कहाँ गायब हो गई अंकित मिश्रा की खनिज फाइल? कार्यालय कलेक्टर (खनिज शाखा) बिलासपुर लिख रहा – भेज दी, संचालनालय कह रहा – हमारे पास है ही नहीं! क्या छुपा रहा है खनिज विभाग और क्यों?

खबर खास छत्तीसगढ़ बिलासपुर जिले में खनिज साधारण पत्थर के आवंटन में बड़ा घालमेल सामने आया है। सूचना के अधिकार के तहत मांगी गई जानकारी में कलेक्टर कार्यालय (खनिज शाखा)बिलासपुर और संचालनालय भौमिकी तथा खनिकर्म नवा रायपुर के जवाब आपस में ही टकरा रहे हैं, जिससे फाइल को जानबूझकर दबाने / गायब करने का संदेह गहरा गया है।
जानकारी के अनुसार RTI कार्यकर्ता ने अंकित मिश्रा, ग्राम अमली, तहसील कोटा, खसरा नंबर 1452, रकबा 2.800 हेक्टेयर, खनिज साधारण पत्थर से संबंधित आवेदन अनुसार दस्तावेजों की प्रमाणित छायाप्रति मांगी थी।
इस पर कलेक्टर (खनिज शाखा) बिलासपुर ने पत्र क्र. 1040 दिनांक 21.07.2026 में जवाब दिया कि – “नस्ती सहित फाइल संचालनालय को प्रेषित कर दी गई है, इसलिए जानकारी उपलब्ध कराना संभव नहीं है। फाइल वापस आने पर जानकारी दी जाएगी।”
जब आवेदक ने 10.10.2026 को संचालनालय, नवा रायपुर में ही RTI लगाकर पूछा कि फाइल कब आई, ई-ऑफिस नंबर क्या है, किस अधिकारी के पास लंबित है, तो संचालनालय ने 02.11.2026 को पत्र क्र. 1067 में जवाब दिया – “बिंदु क्रमांक 1 से संबंधित जानकारी इस कार्यालय में उपलब्ध नहीं है।”

यानी कलेक्टर खनिज शाखा के अधिकारी कह रहे हैं – फाइल रायपुर में है, और रायपुर कह रहा है – फाइल की जानकारी हमारे पास है ही नहीं।
वहीं दूसरी ओर आवेदक ने इसी RTI में पियुषा मिश्रा, ग्राम कोटा, खसरा 672/1, रकबा 5.00 / 2.024 हेक्टेयर के प्रकरण की जानकारी भी मांगी थी। इस बिंदु पर संचालनालय ने कहा – “बिंदु 4 की जानकारी कुल 14 पृष्ठ की है, प्राप्त कर लें।”

सवाल उठता है –
- जब दोनों प्रकरण एक जैसे हैं, तो एक की फाइल के 14 पेज मिल रहे हैं और दूसरे की फाइल का कोई रिकॉर्ड ही नहीं है, क्यों?
- क्या अंकित मिश्रा की फाइल को जानबूझकर बीच में रोका गया / गायब किया गया ताकि दस्तावेज सार्वजनिक न हो सकें?
- क्या कलेक्टर कार्यालय ने बिना फाइल भेजे ही “भेज दी” कहकर RTI को टाल दिया?
- अगर फाइल सच में रायपुर भेजी गई थी, तो उसका डिस्पैच नंबर, ई-ऑफिस नंबर, आवक पंजी कहाँ है? दोनों कार्यालय इसे क्यों नहीं बता रहे?
सूत्रों की मानें तो साधारण पत्थर की खदानों में लीज, अनुमति और रकबा को लेकर पहले भी गड़बड़ियों के आरोप लगते रहे हैं। ऐसे में फाइल का इस तरह “गायब” हो जाना खनिज विभाग की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े करता है।
आवेदक ने मांग की है कि दोनों फाइलों का पूरा मूवमेंट रजिस्टर, डिस्पैच और आवक पंजी सार्वजनिक की जाए और यदि फाइल गुम हुई है तो जिम्मेदार अधिकारी पर कार्रवाई हो।

खबर खास छत्तीसगढ़ इस मामले की आगे भी पड़ताल जारी रखेगा।





