ऑल इंडिया पी.एन.बी. ऑफिसर्स एसोसिएशन (A.I.P.N.B.O.A.) बिलासपुर मंडल की पहली सामान्य सभा की बैठक संपन्न… संगठन को मजबूत बनाने एवं युवा अधिकारियों की सक्रिय भागीदारी पर विशेष जोर।

खबर खास छत्तीसगढ़ बिलासपुर। ऑल इंडिया पीएनबी ऑफिसर्स एसोसिएशन (एआईपीएनबीओए) बिलासपुर मंडल की नवनिर्वाचित कार्यकारिणी की प्रथम सामान्य सभा सौहार्दपूर्ण एवं उत्साहपूर्ण वातावरण में संपन्न हुई। सभा में बड़ी संख्या में सेवारत एवं सेवानिवृत्त अधिकारियों ने भाग लेते हुए संगठन को अधिक सशक्त, सक्रिय एवं प्रभावी बनाने का संकल्प लिया।

कार्यक्रम का शुभारंभ मंडल सचिव श्री गजानन राठौड़ द्वारा संगठन की अब तक की गतिविधियों एवं भावी कार्ययोजना की विस्तृत जानकारी प्रस्तुत करने के साथ हुआ। उन्होंने बिलासपुर मंडल के प्रथम सचिव श्री ललित अग्रवाल के उल्लेखनीय योगदान को स्मरण करते हुए उनकी स्थापित संगठनात्मक परंपराओं को पुनर्जीवित करने का संकल्प व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि एआईपीएनबीओए प्रत्येक अधिकारी का सशक्त एवं विश्वसनीय मंच है तथा सदस्यों की समस्याओं के समाधान और उनके हितों की रक्षा के लिए संगठन निरंतर सक्रिय रहेगा।

मुख्य अतिथि बिलासपुर मंडल प्रमुख श्री अनुराग श्रीवास्तव ने अधिकारियों से बैंक के व्यवसाय विस्तार में सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया। उन्होंने विश्वास दिलाया कि अधिकारियों की सभी जायज़ मांगों के समाधान के लिए प्रबंधन सदैव सकारात्मक एवं सहयोगात्मक दृष्टिकोण अपनाएगा। कार्यक्रम की अध्यक्षता श्री ओमी वर्मा ने की। सहयोगी संगठन ऑल इंडिया पीएनबी पेंशनर्स एसोसिएशन के अध्यक्ष श्री सुरेंद्र चावड़ा ने अधिकारियों के बीच स्वस्थ संगठनात्मक परंपराओं के पुनः प्रारंभ होने का स्वागत करते हुए इसे संगठन की मजबूती की दिशा में प्रेरणादायी पहल बताया।
सभा के दौरान पंजाब नैशनल बैंक से सेवानिवृत्त अधिकारी श्री पार्थो घोष एवं श्री मनोरंजन परिडा को उनकी उत्कृष्ट, समर्पित एवं दीर्घकालीन बैंकिंग सेवाओं के लिए सम्मानपूर्वक भावभीनी विदाई दी गई। इसके साथ ही विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय उपलब्धि प्राप्त करने वाले अधिकारियों को भी सम्मानित किया गया।
सभा में सदस्यों के हितों की सुरक्षा, अधिकारियों के व्यावसायिक एवं सर्वांगीण विकास तथा संगठन की भावी गतिविधियों पर विस्तृत चर्चा हुई। संगठन को और अधिक प्रभावी एवं सक्रिय बनाने के उद्देश्य से अनेक महत्वपूर्ण प्रस्ताव सर्वसम्मति से पारित किए गए। विशेष रूप से युवा अधिकारियों से संगठन की मजबूती और भविष्य के नेतृत्व में सक्रिय भागीदारी निभाने का आह्वान किया गया।
कार्यक्रम को सफल बनाने में श्री ओमी वर्मा, श्रीमती रूबी मंडल, श्री अरविंद मिश्रा, श्री अवनीश पांडेय, श्री अमित कुमार, श्री बी. एम. भारती सहित सभी सदस्यों का सराहनीय योगदान रहा। इस अवसर पर ऑल इंडिया पीएनबी पेंशनर्स एसोसिएशन के अध्यक्ष श्री सुरेंद्र चावड़ा, श्री कैलाश अग्रवाल, श्री पार्थो घोष, श्री मनोरंजन परिडा सहित छत्तीसगढ़ के विभिन्न क्षेत्रों से बड़ी संख्या में सेवारत एवं सेवानिवृत्त अधिकारी तथा स्टाफ सदस्य उपस्थित रहे।





