बिलासपुर
बिलासपुर कृषि विज्ञान केन्द्र में प्रधानमंत्री किसान दिवस तथा जिला स्तरीय जैविक किसान मेला सह प्रदर्शनी संपन्न।

बिलासपुर। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी में प्रातः 11 बजे वाराणसी उत्तरप्रदेश से प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि की 20वीं किस्त जारी की गई।जिसे कृषि महाविद्यालय, बिलासपुर के सभागार में लगभग 500 कृषकों के समक्ष सीधा प्रसारण वेबकास्ट के माध्यम से किया गया। जिसमें बिलासपुर जिले के 1,02,353 (एक लाख दो हजार तीन सौ तिरपन) किसानों को 23 करोड़ रू. का भुगतान आधार बेस्ड प्रणाली के माध्यम से किया गया।

इस अवसर पर पीएम किसान दिवस तथा जिला स्तरीय जैविक किसान मेला सह प्रदर्शनी का भी आयोजन कृषि विभाग बिलासपुर, कृषि महाविद्यालय एवं कृषि विज्ञान केन्द्र बिलासपुर द्वारा संयुक्त रूप से किया गया।

इस कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में महापौर पूजा अशोक विधानी ने अपने उद्बोधन में कहा कि यह निधि हमारे देश के किसानों के अथक परिश्रम एवं देश के विकास में योगदान देने का सम्मान का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि देश प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में किसानों को आर्थिक रूप से मजबूती प्रदान करते हुए आगे बढ़ रहा है। उन्होंने किसानों से अपील की कि कृषि विज्ञान केन्द्र के वैज्ञानिकों द्वारा प्रदान की जा रही आधुनिक तकनीकों को अपनाकर किसान उन्नत कृषि कर राज्य को धन-धान्य से भरपूर बनाने में अग्रसर हो सकते हैं।

कार्यक्रम में उपस्थित भारतीय किसान संघ के प्रदेशाध्यक्ष, माधो सिंह ने किसानों से गौ आधारित जैविक खेती को अपनाने की अपील की। इस अवसर पर अधिष्ठाता, कृषि महाविद्यालय बिलासपुर, डॉ. एन. के. चौरे ने अपने उद्बोधन में कहा कि कृषि महाविद्यालय एवं अनुसंधान केन्द्र, बिलासपुर लगातार किसानों के हितों के लिए नित नये प्रयोग करके तकनीकों को उपलब्ध करा रहा है। कृषि विज्ञान केन्द्र के वरिष्ठ वैज्ञानिक एवं प्रमुख, डॉ. गीत शर्मा ने स्वागत उद्बोधन में कृषि विज्ञान केन्द्र बिलासपुर की गतिविधियों से अतिथियों को अवगत कराया तथा पीएम किसान सम्मान निधि को किसानों के हित के लिए उपयोगी बतलाया।







