CM हेल्पलाइन की शिकायत के बाद शिक्षा विभाग में हड़कंप, ब्लॉक स्तर पर e-Office लागू करने का आदेश

ब्लॉक शिक्षा कार्यालयों में डिजिटल फाइल का फरमान, 6 नवंबर तक 100% ऑनबोर्डिंग का आदेश
खबर खास छत्तीसगढ़ बिलासपुर/नवा रायपुर, 30 अक्टूबर 2026। राज्य के समस्त विकासखंड/ब्लॉक स्तरीय शिक्षा कार्यालयों में अब कागजी फाइल का खेल खत्म होने जा रहा है। लोक शिक्षण संचालनालय छत्तीसगढ़ ने सभी जिला शिक्षा अधिकारियों और विकासखंड शिक्षा अधिकारियों को आदेश जारी कर e-Office एवं e-HRMS 2.0 पोर्टल पर शत-प्रतिशत ऑनबोर्डिंग सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं।
संचालनालय द्वारा जारी पत्र क्रमांक e-office/1/723727/2026 के अनुसार सामान्य प्रशासन विभाग के निर्देशों पर शासन की कार्यप्रणाली को डिजिटल और पारदर्शी बनाने के लिए यह कदम उठाया गया है। संदर्भ में CM हेल्पलाइन टोकन क्रमांक WP260800130294 दिनांक 02.08.2026 का भी उल्लेख है।
आदेश में स्वीकार किया गया है कि ब्लॉक/विकासखंड स्तरीय कार्यालयों में पदस्थ अधिकांश अधिकारी-कर्मचारियों का अब तक e-Office एवं e-HRMS 2.0 पोर्टल पर ऑनबोर्डिंग कार्य पूर्ण नहीं हुआ है। कई कार्यालयों में अभी भी ऑफलाइन फाइल द्वारा कार्य किया जा रहा है।
कागजी फाइलें बंद! लोक शिक्षण संचालनालय ने दिया अल्टीमेटम, ई-ऑफिस में नहीं तो होगी कार्रवाई ।
इसी को देखते हुए संचालक लोक शिक्षण ने तीन बिंदुओं पर तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए हैं:
- जिन अधिकारी-कर्मचारियों का शासकीय ई-मेल आईडी (Gov/NIC Email) नहीं बना है, उसे प्राथमिकता से तैयार किया जाए।
- विकासखंड स्तर पर e-Office एवं e-HRMS 2.0 के लिए नोडल अधिकारी नियुक्त कर जिले के नोडल और PMU Coordinator से समन्वय स्थापित किया जाए।
- विकासखंड शिक्षा अधिकारी कार्यालय और उसके अधीन आने वाले समस्त कार्यालयों का शत-प्रतिशत ऑनबोर्डिंग कार्य दिनांक 06.11.2026 तक हर हाल में पूर्ण किया जाए। ऑनबोर्डिंग पूर्ण होते ही समस्त नस्तियाँ और डाक का कार्य ऑनलाइन e-Office के माध्यम से ही किया जाए।
संचालनालय ने इस कार्य को सर्वोच्च प्राथमिकता देने के निर्देश दिए हैं। आदेश की प्रति सचिव, सामान्य प्रशासन विभाग और CM हेल्पलाइन कक्ष को भी भेजी गई है।





